जमीन कब्जे को लेकर दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी, पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी से लगाई गुहार
हरदोई सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुटैया (मजरा शाहबुद्दीनपुर) निवासी खुन्नूलाल पुत्र मंहगे ने खेत पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित खुन्नूलाल के अनुसार, उनके ही गांव के निवासी जयराम, रामनरेश पुत्रगण रामदयाल, आशाराम, रंजीत पुत्रगण जयराम, धीर सिंह पुत्र रामनरेश, धनीराम, गुड्डू पुत्रगण राजाराम, राजेन्द्र पुत्र कन्हाई, अवनीश पुत्र राजेन्द्र और प्रदीप, दीपू पुत्रगण लालाराम आदि दबंग नीयत से उनके खेत पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। पीड़ित का आरोप है कि ये लोग उन्हें खेत पर जाने से रोकते हैं, मारपीट पर आमादा हो जाते हैं और खेत-खलिहान में दिखने पर जान से मारने तथा 'लाशों के ढेर लगाने' की धमकी देते हैं।
पीड़ित ने बताया कि गत 17 अगस्त 2026 को उन्होंने 1090 पर शिकायत दर्ज कराई थी और सवायजपुर थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया था, जिस पर पुलिस ने तीन लोगों का चालान किया था। हालांकि, जमानत मिलने के बाद आरोपियों ने उसी रात फिर से उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकियां दीं।
खुन्नूलाल ने स्पष्ट किया कि उक्त भूमि पर उन्हें पुलिस बल और चकबंदी अधिकारियों की मौजूदगी में पहले ही कब्जा दिलाया जा चुका है। बार-बार मिल रही धमकियों से उनका पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार यही विपक्षी होंगे। पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी सवायजपुर से विपक्षीगणों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Aug 18, 2026