बिरसा मुंडा जयंती पर गोईलकेरा को मिली एकलव्य विद्यालय की सौगात, पीएम मोदी ने किया ऑनलाइन उद्घाटन
-सांसद जोबा माझी ने फीता काटकर किया लोकार्पण, कहा- जनजातीय बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
गोईलकेरा: झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर गोईलकेरा प्रखंड को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। प्रखंड के डुमरिया गांव में नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहीं। उन्होंने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने गोईलकेरा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की शुरुआत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे क्षेत्र के शिक्षा जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन से जनजातीय समुदाय के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती इलाकों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सांसद ने उपस्थित अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई के प्रति गंभीर रहें। बच्चों की शिक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक आतिश सिंह ने एकलव्य विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य, शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी जयदीप तिग्गा, एचएससीएल के अधिकारी, स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Sonua, Pashchimi Singhbhum | Nov 15, 2026