*न्यू बस स्टैंड के पास दो बसों की मामूली टक्कर, घायल महिला को ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया*
*– अचानक ब्रेक लगाने के कारण दो बसों की मामूली टक्कर, घायल महिला को पुलिस ने तत्काल सिविल अस्पताल में करवाया भर्ती*
फतेहाबाद, 16 सितंबर। थाना यातायात पुलिस फतेहाबाद ने सड़क हादसे में घायल महिला को तत्काल सहायता प्रदान करते हुए सिविल अस्पताल फतेहाबाद पहुंचाकर भर्ती करवाया। आज करीब शाम 3:30 बजे न्यू बस स्टैंड फतेहाबाद के पास अचानक ब्रेक लगाने के कारण दो बसों की मामूली टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला घायल हो गई।
यातायात थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल महिला को सिविल अस्पताल फतेहाबाद पहुंचाया। घायल महिला की पहचान कमलेश पत्नी रमेश, निवासी भूना के रूप में हुई है। महिला को अस्पताल में भर्ती करवाकर उपचार दिलवाया गया।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें और अचानक ब्रेक लगाने से बचें। यातायात नियमों का पालन करने से सड़क हादसों की संभावना को कम किया जा सकता है।