सेवा संकल्प अभियान के तहत पृथ्वीपुर में रक्तदान शिविर आयोजित, 15 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
--
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर में विकासखंड स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला निवाड़ी डॉ. अनिल जमनानी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 15 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र कुमार निरंजन ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है। दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों तथा विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में उपचार करा रहे लोगों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए। रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद मरीज की सहायता की जा सकती है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।
रक्त संग्रहण के लिए जिला ब्लड बैंक टीकमगढ़ की ब्लड कलेक्शन वैन शिविर स्थल पर पहुंची। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. विकास जैन एवं उनकी टीम ने रक्त संग्रहण की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित श्रीवास्तव ने सभी रक्तदाताओं, जिला ब्लड बैंक टीकमगढ़ की टीम तथा शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रक्तदान महादान है। आपका एक प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने में सहायक हो सकता है।
#BloodDonationCamp #रक्तदानशिविर #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari
26 views | Niwari, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026