सरयू-कमला एक्सप्रेस से भारत-नेपाल के रिश्तों को मिली नई रफ्तार, जनकपुर में भाजपा नेत्री पार्वती तिवारी सहित रक्सौल के भाजपा कार्यकर्ताओं का भव्य स्वागत
रक्सौल/जनकपुरधाम। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूती प्रदान करने की दिशा में सरयू-कमला एक्सप्रेस का परिचालन एक महत्वपूर्ण पहल है। अयोध्या से जनकपुरधाम तक शुरू हुई यह रेल सेवा दोनों देशों की साझा आस्था, संस्कृति और विरासत को जोड़ने का काम करेगी।
इसी क्रम में मंगलवार को रक्सौल से रात 11:15 बजे सरयू-कमला एक्सप्रेस के माध्यम से भाजपा नेत्री पार्वती तिवारी के साथ रक्सौल के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल जनकपुरधाम के लिए रवाना हुआ।
जनकपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर नेपाली नागरिकों एवं स्थानीय लोगों द्वारा भारतीय प्रतिनिधिमंडल का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। जनकपुरवासियों के इस प्रेम, सम्मान और गर्मजोशी भरे अभिनंदन से सभी प्रतिनिधि अभिभूत नजर आए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, रवि गुप्ता, मंटू गुप्ता, रिंकू पांडेय, दीपक सिंह, दिलीप कुशवाहा, चंद्रभान मिश्रा, दीपु चौरसिया सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस आत्मीय स्वागत पर भाजपा नेत्री पार्वती तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनकपुरवासियों के प्रति हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनकपुर की पावन धरती पर जिस तरह नेपाली भाइयों एवं बहनों ने अपनापन और सम्मान दिया, वह बेहद सुखद एवं अविस्मरणीय अनुभव है।
उन्होंने इस ऐतिहासिक रेल सेवा की पहल के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। पार्वती तिवारी ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस महज एक रेलगाड़ी नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने वाला एक सेतु है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध माता सीता और प्रभु श्रीराम के पवित्र विवाह प्रसंग से जुड़ा है। ऐसे में इन दोनों ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ना करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए हर्ष और गौरव का विषय है। इससे धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
अंत में उन्होंने कहा कि देशों की सीमाएं भले अलग हों, लेकिन भारत और नेपाल के लोगों के दिल, संस्कृति और रिश्ते हमेशा एक-दूसरे से जुड़े रहे हैं। जनकपुरवासियों का स्नेहपूर्ण स्वागत इसी अटूट रिश्ते का जीवंत उदाहरण है।