#Balrampur ! #इंडो_नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी का सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों पर पैनी नजर...
संवेदनशील गांवों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कवायद...
#बलरामपुर। इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बलरामपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर थाना गैसड़ी क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम सभा सकरा समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और पैदल गश्त की।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। सीमा क्षेत्र में तस्करी, मादक पदार्थों की आवाजाही, मानव एवं गो-तस्करी, अवैध कटान, खनन और घुसपैठ जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
संयुक्त टीम ने सीमावर्ती गांवों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय संभ्रांत लोगों से संवाद कर संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इंडो-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं एसएसबी का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।