शाहपुरा में श्रद्धा के साथ मनाया बछ बारस पर्व
महिलाओं ने गौ माता एवं बछड़े की पूजा कर पुत्रों की सुख-समृद्धि की कामना की
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-क्षेत्र में बछ बारस पर्व श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पुत्रों की उन्नति, सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना को लेकर महिलाओं ने गौ माता और उसके बछड़े की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
बछ बारस पर्व पर गौ माता एवं बछड़े की पूजा का विशेष धार्मिक एवं पारंपरिक महत्व माना जाता है। पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में उत्साह नजर आया। महिलाओं ने स्नान आदि के बाद पूजा की तैयारियां कीं तथा गौ माता का मेहंदी, वस्त्र एवं अन्य पूजन सामग्री से श्रृंगार किया। इसके बाद गौ माता एवं बछड़े की विधिवत पूजा कर उन्हें चारा खिलाया गया।
पूजा के दौरान महिलाओं ने गौपाल को श्रीफल एवं चने भेंट किए। इसके साथ ही सामूहिक रूप से बछ बारस की कथा का श्रवण किया। कथा के माध्यम से महिलाओं ने पर्व से जुड़ी धार्मिक एवं पारंपरिक मान्यताओं को जाना तथा अपने पुत्रों के स्वस्थ, सुखी एवं सफल जीवन के लिए प्रार्थना की।
पर्व को लेकर क्षेत्र में महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को बछ बारस पर्व की शुभकामनाएं दीं और अपनी पारंपरिक संस्कृति एवं रीति-रिवाजों के अनुरूप पर्व मनाया।