#बालाघाट
कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक
प्राकृतिक आपदा से राहत के प्रकरणों का तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 02 नवम्बर को राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर स्वामित्व योजना की प्रगति एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री सुधीर जैन, उपस्थित थे। बैठक में सभी एसडीएम एवं तहसीलदार वीडियों कांफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के रजिस्ट्री दस्तावेजो के वितरण की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन पटवारियों द्वारा अपने हल्के में 100 प्रतिशत रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कर लिया है उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दीपावली त्यौहार के दूसरे दिन ऐसे ग्रामों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हितग्राहियों को रजिस्ट्री का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। समीक्षा के दौरान पाया गया कि 504 पटवारियों में से 214 पटवारियों की प्रगति 30 प्रतिशत से कम है। जिन पटवारियों की प्रगति 30 प्रतिशत से कम पायी गई है उन्हें सख्त निर्देश दिये गए कि अपने कार्य में प्रगति लाये अन्यथा उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राकृतिक आपदा से मृत्यु के प्रकरणों में तत्परता के साथ कार्य करें और कोई भी प्रकरण अनावश्यक लंबित नही रहना चाहिए। बैठक में निर्देशित किया गया कि सर्पदंश, आकाशीय बिजली, अग्नि दुर्घटना से मृत्यु के मामलों में राहत राशि के प्रकरण लोक सेवा केंद्र के माध्यम से लगाये जाएंगे, जिससे उनका समय सीमा में निराकरण किया जा सकेगा।
बैठक में सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्र में पराली प्रबंधन के लिए कार्यवाही करें। इसके लिए क्षेत्र के हार्वेस्टर संचालकों एवं किसानों के साथ बैठक कर नरवाई न जलाने के लिए जागरूक करने कहा गया। इसके साथ ही सभी एसडीएम को जल उपभोक्ता संस्था की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये गए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने नियत मुख्यालय पर अनिवार्य रूप से रहना सुनिश्चित करें। जो कोई भी तहसीलदार या नायब तहसीलदार अपने मुख्यालय पर नही रहेगा उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mprevenudeptt
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026