दो बाइकों की सीधी टक्कर में तीन युवक घायल, एक की हालत गंभीर
बोकारो :- चास-तलगड़िया मुख्य पथ पर बिनोद चौक और कुआं मोड़ के बीच सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान बनगड़िया ओपी क्षेत्र के नवाडीह गांव निवासी अजीत राजवार , शंकर महतो और लालजी प्रसाद महतो के रूप में हुई है। अजीत राजवार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शंकर महतो और लालजी प्रसाद महतो का इलाज बिजुलिया स्थित अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि अजीत राजवार बाइक संख्या जेएच-09बीएच-2437 से नवाडीह की ओर जा रहा था। वहीं शंकर महतो और लालजी प्रसाद महतो पल्सर बाइक संख्या जेएच-09एडब्ल्यू-7496 से बाटबिनोर से चास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिनोद चौक और कुआं मोड़ के बीच दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चास_मुफस्सिल_थाना और सियालजोरी_थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Chas, Bokaro | Sep 14, 2026