मदनपुर में तीज को लेकर बाजार गुलजार, साप्ताहिक बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़
औरंगाबाद: हरितालिका तीज पर्व को लेकर मदनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार सहित रविवारीय साप्ताहिक बाजार मदनपुर मेला में रविवार को जमकर खरीदारी हुई। सुबह से ही बाजार में सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।हिंदू धर्म में हरितालिका तीज का विशेष महत्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु एवं सुखी वैवाहिक जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पर्व को लेकर बाजार में श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। मेहंदी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, महावर, साड़ी और लहंगा की दुकानों पर दिनभर खरीदारी होती रही।तीज को लेकर फल और पूजन सामग्री की बिक्री भी खूब हुई। बाजार में केला 50 से 60 रुपये दर्जन, सेब 120 रुपये प्रति किलो और अनरसा 120 रुपये प्रति किलो के भाव से बिका। वहीं सब्जी में व्रत को लेकर कंदा और झिंगी की मांग सबसे अधिक रही।मदनपुर मेला के फल विक्रेता सोनू कुमार ने बताया कि तीज पर्व को लेकर सेब, केला,अनरसा और पेड़किया और नारियल मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है।खरीदारी करने आई स्थानीय महिला रीना देवी ने बताया कि हरितालिका तीज हम सुहागिन महिलाओं के लिए सबसे बड़ा पर्व होता है। इसको लेकर एक सप्ताह पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। आज अंतिम दिन की खरीदारी के लिए बाजार आई हूं।