उदयपुरा जनपद के रम्पुरा में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर आयोजित
सांसद श्री चौधरी तथा कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
----------
----------
रायसेन जिले की उदयपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रम्पुरा में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नर्मदापुरम सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी तथा कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, गांव के विकास को लेकर अपेक्षाएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सांसद श्री चौधरी तथा कलेक्टर श्री सिसोनिया ने शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, आयुष, कृषि, उद्यानिकी तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इन स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, उनकी पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। शिविर स्थल पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ भी वितरित किए गए। शिविर के दौरान कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला सहित जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026