देहरादून में 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत बृहद हस्ताक्षर अभियान और बैठक आयोजित।
देहरादून गौ माता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिलाने के निर्णायक संकल्प के साथ चल रहे देशव्यापी 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के अंतर्गत आज पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में एक बृहद हस्ताक्षर अभियान और बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम टपकेश्वर महादेव मंदिर के पूज्य महंत श्री कृष्णा गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महंत कृष्णा गिरी जी महाराज ने सभी सनातनियों से पूरे मनोयोग के साथ इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि गौ सनातन संस्कृति का मूल है। वहीं, अभियान के देहरादून जिला प्रभारी योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए विशेष कानून बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आगामी 17 नवंबर को 'गोपाष्टमी' के दिन सड़कों पर घूम रहे गौवंश को चारा व भोजन खिलाने की अपील की और पशुपालकों से गौवंश को सड़कों पर बेसहारा न छोड़ने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में रुड़की से पधारे नंदी बाबा सर्वेश्वर दास जी महाराज ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। इस दौरान उत्तराखंड विद्वत सभा के पूर्व अध्यक्ष आचार्य विजेंद्र ममगाईं, आचार्य मनोज ढोढियाल, सैनिक शिरोमणि मनोज ध्यानी, आचार्य कालिका प्रसाद थपलियाल, टपकेश्वर सेवादल के महामंत्री महेश खंडेलवाल, श्री महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष रोशन राणा, गौरव जैन, जितेंद्र मलिक, विवेक मोहन श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह पुंडीर, भजन गायक बृजेश शुक्ला, हरि कृष्ण पेटवाल और प्रदीप अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।