नालंदा - रहुई के मंदिलपुर और सोसंदी में दो चौपालों का राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह चंद्रवंशी ने किया उद्घाटन
युवाओं से बोले सांसद- शर्ट फेंको, कुर्ता पहनो और राजनीति पर कब्जा जमाओ; बिहार में 500 चौपाल बनवाने का लक्ष्य
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह चंद्रवंशी मंगलवार को रहुई प्रखंड क्षेत्र के मंदिलपुर और सोसंदी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दोनों जगहों पर नवनिर्मित चौपालों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सांसद का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत और सम्मान किया।
सबसे पहले सांसद ने मंदिलपुर में 5.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित कर्पूरी चौपाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि रहुई के मंदिलपुर और सोसंदी में कुल 11 लाख रुपये की लागत से दो चौपालों का निर्माण कराया गया है। मंदिलपुर में कर्पूरी चौपाल और सोसंदी में चंद्रवंशी चौपाल बनाया गया है। दोनों चौपालों के निर्माण पर 5.50-5.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. भीम सिंह ने कहा कि ये चौपाल केवल बैठने की जगह नहीं, बल्कि बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र के रूप में काम करेंगे। यहां जीविका समूह की महिलाएं बैठक कर सकेंगी। महिलाएं शिव चर्चा, भजन-कीर्तन सहित अन्य सामाजिक गतिविधियां भी कर सकती हैं। इसके अलावा बच्चे यहां बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। खेतों में काम करने के बाद लौटने वाले किसान और मजदूर भी कुछ देर आराम कर सकेंगे। चौपाल में लाइट और पंखे की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग रात में भी इसका उपयोग कर सकेंगे।
सांसद ने युवाओं को राजनीति में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि खेती-किसानी, नौकरी, उद्योग और व्यवसाय विकास के महत्वपूर्ण साधन हैं, लेकिन राजनीति भी समाज के विकास और अधिकार प्राप्त करने का एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि वे खेती, नौकरी या व्यवसाय के क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं तो राजनीति में आएं और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, "शर्ट फेंको, कुर्ता पहनो और राजनीति पर कब्जा जमाओ।"
डॉ. सिंह ने चंद्रवंशी समाज के युवाओं को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक होने का संदेश देते हुए कहा कि चंद्रवंशी चेतना मंच के माध्यम से समाज को दो मंत्र दिए गए हैं- विज्ञान के लिए पढ़ो और अधिकार के लिए लड़ो। जब समाज पढ़ाई और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को अपना मूल मंत्र बना लेगा, तब सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उसकी मजबूत भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि जिस समाज में जन्म लिया है, उसके प्रति भी हर व्यक्ति का कुछ कर्तव्य होता है।
उन्होंने बताया कि बिहार में कुल 500 चौपालों का निर्माण कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 100 चौपालों का उद्घाटन किया जा चुका है। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और सामुदायिक बैठकों को बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर नगर पंचायत रहुई के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अलबेला राय, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि परमानंद चंद्रवंशी, शंभू यादव, गुड्डू कुमार, दीनानाथ चंद्रवंशी, पप्पू चंद्रवंशी, अजीत कुमार चंद्रवंशी, लवकुश, नवीन चंद्रवंशी, विजय कुमार चंद्रवंशी और प्रो. रितेश निषाद सहित कई लोग मौजूद थे।
Rahui, Nalanda | Nov 24, 2026