15 मुकदमों वाले चंदन सागर पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ मामले में भी मुकदमा दर्ज;मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य,नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और वांटेड बदमाश चंदन सागर के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया,मालधन क्षेत्र के 64 नंबर गेट के जंगल में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान चंदन सागर के पैर में गोली लगी,घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया,वहीं घटना के बाद मोबाइल फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
पुलिस के अनुसार चंदन सागर पुत्र छत्रपाल सिंह, निवासी शिवलालपुर रियूनिया, रामनगर के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं, पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और हाल में रामनगर क्षेत्र में हुई एक घटना में भी वांछित था.
बताया गया कि पुलिस टीम चंदन सागर की तलाश में दबिश देने पहुंची थी,इसी दौरान आरोपी हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग गया और मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में जाकर छिप गया. पुलिस टीम ने जब उसकी घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी,पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर किए, जिसमें पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।
फायरिंग की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को चारों ओर से घेर लिया,इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें चंदन सागर के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया.
घटना के बाद पुलिस और मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की, ताकि मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जांच में शामिल किया जा सके.
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने इस मामले में वादी बनते हुए आरोपी चंदन सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है,पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने और जानलेवा हमला करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
चंदन सागर के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं, इनमें वर्ष 2020 में आबकारी अधिनियम और मारपीट समेत कई धाराओं में मुकदमे, वर्ष 2021 में मारपीट और धमकी के मामले, वर्ष 2022 में धारा 307 और 120बी के तहत मुकदमा, वर्ष 2023 और 2024 में मारपीट, बलवा और धमकी के मामले शामिल हैं,इसके अलावा वर्ष 2024 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है,वर्ष 2025 और 2026 में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए हैं.
पुलिस के मुताबिक चंदन सागर का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं,एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा..मंजूनाथ टीसी,एसएसपी नैनिताल