प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर की अध्यक्षता में स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। मंत्री श्री नागर ने बैठक में रखे गए 13 परिवादों में से 10 परिवादों को मौके पर ही निपटारा किया। मंत्री ने भारत नगर निवासी पूजा गौड़ और चांग निवासी सेवानिवृत सूबेदार मेजर विक्रम की शिकायत मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस दौरान भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, डीसी साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक उपस्थित रहे।
मंत्री श्री नागर ने स्थानीय रोहतक गेट निवासी गोपाल कुमार के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने बिजली निगम को बिजली मीटर की जांच करवाने और बिल को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। विद्यानगर निवासी कश्मीर सिंह के मामले से संबंधित आवश्यक दस्तावेज रखने को कहा। गांव गुजरानी निवासी रमेश कुमार के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि रिपोर्ट को पीजीआई में जांच के लिए भेजें।