जम्मू कश्मीर भद्रवाह के श्रद्धालुओं के पहुंचने पर भरमौर हेलीपैड से हेलीकॉप्टर उड़ानें रहेंगी स्थगित
14 से 16 सितंबर तक प्रभावित रहेगी सेवा, होली हेलीपैड से हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा रहेगी सामान्य
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 13 सितंबर:
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के तहत भद्रवाह से आने वाले श्रद्धालुओं के भरमौर पहुंचने को लेकर प्रशासन ने हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 14 सितंबर से 16 सितंबर तक भरमौर हेलीपैड से संचालित हेलीकॉप्टर टैक्सी उड़ानें आवश्यकता के अनुसार स्थगित रहेंगी।
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि 14 सितंबर को भद्रवाह से आने वाले श्रद्धालुओं के भरमौर पहुंचने के साथ ही भरमौर हेलीपैड से हेलीकॉप्टर टैक्सी उड़ानों को आवश्यकता के अनुसार रोका जाएगा। यह व्यवस्था 16 सितंबर तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि भद्रवाह से आए श्रद्धालुओं के श्री मणिमहेश के लिए रवाना होने के बाद भरमौर हेलीपैड से हेली टैक्सी सेवा को सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा।
हालांकि, इस दौरान होली हेलीपैड से संचालित हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा निर्बाध रूप से जारी रहेगी। यात्रियों और श्रद्धालुओं को होली हेलीपैड से हेली टैक्सी सुविधा का लाभ मिलता रहेगा।
एडीएम ने श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील की है कि वे इस अस्थायी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन और श्री मणिमहेश ट्रस्ट का सहयोग करने का भी आग्रह किया है।