प्रधानमंत्री मोदी के जनोत्सव से पूर्व माता मिन्धल के दरबार में गूंजे वैदिक मंत्र
भाजपा मंडल पांगी की ओर से आयोजित हवन में सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और विधायक डॉ. जनक राज ने दी आहुति
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो पांगी, 13 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जनोत्सव कार्यक्रम से पूर्व भाजपा मंडल पांगी की ओर से माता मिन्धल के पावन दरबार में भव्य हवन एवं यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और आगामी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए माता मिन्धल से आशीर्वाद मांगा गया।
हवन कार्यक्रम में दो दिवसीय पांगी दौरे पर पहुंचे लोकसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज, प्रदेश भाजपा सचिव तिलक राज शर्मा, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी, पांगी मंडल प्रभारी सीएल ठाकुर, फिंडरू-मिन्धल के बीडीसी सदस्य डॉ. हरेश शर्मा तथा पांगी मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भानी चंद ठाकुर ने यज्ञ में आहुति दी।
माता मिन्धल के दरबार में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी हवन में भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पांगी क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देवभूमि पांगी में किसी भी बड़े आयोजन से पूर्व देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेना यहां की सदियों पुरानी परंपरा और गहरी आस्था का प्रतीक है।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी जनोत्सव को लेकर भी तैयारियों और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रकट कीं।
माता मिन्धल के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से पांगी की वादियां भक्तिमय नजर आईं।