*बाढ़ के खतरे को देखते हुए अलर्ट मोड पर प्रशासन: डीएम-एसपी ने कलवारी तटबंध का किया संयुक्त निरीक्षण*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 22 अगस्त 2026
*संवाददाता, बस्ती:* जनपद में नदियों के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। *जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह* ने कलवारी क्षेत्र के तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान *जिलाधिकारी* ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तटबंधों की मजबूती, पानी के बहाव और कटान की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि तटबंधों पर लगातार निगरानी रखी जाए और मरम्मत सामग्री पूरी तरह तैयार रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
वहीं *पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह* ने क्षेत्रीय थानों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गश्त और चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस टीम सक्रिय रहेगी और ग्रामीणों को हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी। साथ ही अफवाहों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
इस संयुक्त निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करना रहा। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि तटबंधों या जलस्तर से संबंधित किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत