शासकीय योजनाओं की जानकारी से विद्यार्थियों को किया जागरूक
________________
सेवा संकल्प अभियान में योजना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
________________
हिन्दी दिवस पखवाड़े में साहित्यिक गतिविधियों से विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
________________
खरगोन 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में योजना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश शासन एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं छात्रोपयोगी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सुश्री तृप्ति जायसवाल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रोत्साहन, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रमुख शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया तथा पात्र विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों से योजनाओं का लाभ लेकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। श्री चंद्रभान त्रिवेदी ने कहा कि विधि के विद्यार्थी समाज के महत्वपूर्ण वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। विद्यार्थियों को स्वयं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ जरूरतमंद लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करना चाहिए।
हिन्दी दिवस पखवाड़े में हुई साहित्यिक गतिविधियां
महाविद्यालय में हिन्दी दिवस पखवाड़ा 14 से 28 सितम्बर 2026 के अंतर्गत विभिन्न साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों द्वारा कविता वाचन एवं भाषण प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर ‘भारतीय ज्ञान परंपरा में हिन्दी भाषा एवं साहित्य की भूमिका तथा हिन्दी साहित्य के महत्वपूर्ण साहित्यकारों का योगदान’ विषय पर भारतीय ज्ञान परंपरा नोडल सुश्री शिवांगी निराले ने व्याख्यान दिया।
सुश्री निराले ने हिन्दी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, भारतीय ज्ञान परंपरा से हिन्दी के संबंध तथा हिन्दी साहित्य के प्रमुख साहित्यकारों के योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिन्दी भाषा एवं साहित्य के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व को समझा।
कार्यक्रम में सुश्री तृप्ति सोनी, श्री पी.एस. जामरा, श्री सत्यम निंगवाल, श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री सदाशिव कलमे, श्री महेश कलमे, श्री सिद्दीक खान सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान