हिंदी दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
भिवानी।
14 सितंबर 2026, सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोलागढ़ में हिंदी दिवस बड़ी धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार शास्त्री ने की। मेरा युवा भारत के तत्वदान से कार्यक्रम में युवा क्लब के प्रधान व कार्यक्रम के संयोजक प्रवीण गोलागढ़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।
हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुलेख, कविता, निबंध, भाषण, दोहा एवं पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियां भी दीं।
इस अवसर पर संस्कृत प्रवक्ता डॉ. मुकेश शास्त्री ने हिंदी दिवस के ऐतिहासिक एवं संवैधानिक महत्व पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने हिंदी के इतिहास, हिंदी दिवस मनाए जाने की पृष्ठभूमि तथा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343 के अंतर्गत हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किए जाने की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
डॉ. राजपाल सिंह ने हिंदी को केवल संपर्क की भाषा न मानकर संस्कारों और संस्कृति से जुड़ी भाषा बताया। चंद्र किरण ने हिंदी के महत्व एवं उसकी बढ़ती लोकप्रियता पर अपने विचार रखे। कृष्णा तंवर ने हिंदी के प्रति भावनाओं से ओत-प्रोत सुंदर कविता प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति जागरूक रहने तथा इसके प्रचार-प्रसार में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
संगीता सांगवान ने हिंदी को जीवन और संस्कारों से जोड़ते हुए इसे अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया। महेश कुमार ने अपनी शानदार प्रस्तुति से विद्यार्थियों का मन मोह लिया। छात्राध्यापिका गरिमा ने कहा कि हमें अन्य भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारे विचारों, भावनाओं और संस्कृति की सशक्त अभिव्यक्ति है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं युवा क्लब प्रधान प्रवीण गोलागढ़ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए तथा सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. शिव कुमार शास्त्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी भाषा है। हमें हिंदी का सम्मान करते हुए अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही हमें अन्य सभी भारतीय एवं विदेशी भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए। भाषा किसी से प्रतिस्पर्धा करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक-दूसरे को जोड़ने का सशक्त साधन है। विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति गौरव की भावना रखते हुए इसके प्रचार-प्रसार में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवक्ता जितेंद्र सिंह ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व को समझने तथा हिंदी के प्रति सम्मान और प्रेम बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी, समस्त स्टाफ सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि संदीप कुमार एवं नवीन कुमार, एसएमसी सदस्य सुरेश, मनोज खंडेलवाल, मुकेश श्योराण, बिजेंदर, सुमित्रा, शकुंतला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।