बाबा रामदेव पीर जन्मोत्सव पर भंडारा व जागरण, सामाजिक संदेशों ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
धार्मिक मंचों से सामाजिक बदलाव की दिशा में संकल्प लेना एक बेहतरीन पहल : घनश्याम सर्राफ
भिवानी, 13 सितंबर : धार्मिक आयोजन केवल आस्था और पूजा-पाठ तक सीमित न रहकर समाज को नई दिशा देने का भी सशक्त माध्यम बन सकते हैं। शहर के वार्ड नंबर 25 में आयोजित लोक देवता श्री बाबा रामदेव पीर के जन्मोत्सव ने इस बात को पूरी तरह सिद्ध कर दिया। रविवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाए गए इस जन्मोत्सव के दौरान जहां एक ओर विशाल भंडारे और भव्य रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, वहीं दूसरी ओर उपस्थित जनसमूह को जनकल्याणकारी सामाजिक संकल्प भी दिलाए गए। इस दौरान महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने उपस्थित सभी को नशा ना करने व जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने की शपथ दिलाई। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के महासचिव विजय सिंहमार पर्यावरण प्रेमी एवं उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम व श्यामलाल मेघवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोक देवता बाबा रामदेव पीर का जीवन हमें सामाजिक समरसता, भाईचारे और दीन-दुखियों की सेवा का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी एकता का संचार करते हैं। महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित किया और उन्हें समाजहित में आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने ट्रस्ट के कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जब समाज नशाखोरी और पर्यावरण संकट जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, तब इस प्रकार के धार्मिक मंचों से दिया गया सामाजिक संदेश अत्यंत प्रासंगिक और प्रभावशाली साबित होता है। जब धर्म और आस्था के वातावरण में लोग किसी अच्छाई का संकल्प लेते हैं, तो वह सीधे उनके मन को छूता है। वार्ड नंबर 25 में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया है कि पूजा-अर्चना के साथ-साथ प्रकृति और समाज की रक्षा करना भी सच्ची ईश्वर भक्ति है। जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव पीर का प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात देर रात तक चले जागरण में गायक कलाकारों ने बाबा के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने पर मजबूर हो गए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर बद्री प्रसाद, संजय पंवार, श्याम लाल मेघवाल, राजकुमार, सतपाल, गोपी राम, कैलाश, चांदराम, भारत, अशोक, प्रवेश, हर्षदीप सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।