रामेश्वर डूडी की पहली पुण्यतिथि पर हुई श्रद्धांजलि सभा आयोजित, भावुक हुई सुशीला डूडी
बीकानेर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि जिस तरह से स्थानीय निकाय में कांग्रेस ने शहर में मेयर बनाया है, ठीक वैसे ही पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जीतकर दिखाना है। अपना और पराया छोड़कर मैदान में उतरना होगा। ये प्रण लो कि जिसे टिकट देंगे, उसे ही प्रमुख और प्रधान बना देंगे। भाजपा सरकार के झूठे वादों के खिलाफ लड़ना होगा।
यहां कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी की श्रद्धांजलि सभा में डोटासरा ने कहा कि भजनलाल सरकार में किसान को बीज तक नकली मिल रहा है। कांग्रेस को एक जुट होकर लड़ना होगा। उन्होंने कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला, शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल का जिक्र करते हुए कहा कि इन्होंने जीतकर दिखा दिया है तो आप भी गांव में जीत दिलाकर बताओ। उन्होंने केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से नाम काटने के मुद्दे पर सरकार ने हरियाणा, बंगाल को लूटने के बाद अब नाम फिर से जोड़ने की बात कर रहा है। डोटासरा ने कहा कि मैंने जिंदगी में कभी झूठ नहीं बोला, गलती हो सकती है लेकिन झूठ नहीं बोला। उन्होंने कांग्रेस का हाथ मजबूत करने की अपील की।
बीकानेर में दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। उदयरामसर-नोखा रोड स्थित डूडी के समाधि स्थल पर होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच गए हैं। डूडी और जुली दोनों ने बीकानेर से पहले श्रीडूंगरगढ़ में कार्यकर्ताओं के साथ एक सभा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गोविन्द मेघवाल ने कहा कि डूडी महापुरुष थे।
कार्यक्रम के दौरान नोखा विधायक और डूडी की पत्नी सुशीला डूडी भावुक हो गई। उन्होंने कहा कि हम नाराज होते थे कि डूडी घर पर समय नहीं देते थे, आज जब जनता का प्यार देखती हूं तो पता चलता है कि डूडी जनता के लिए बने थे। ये कहते हुए नोखा विधायक भावुक हो गई। उनकी आंखों से आंसु टपक पड़े। फिर भी उन्होंने खुद को संभाला और संबोधन पूरा किया।
*आज से ही पंचायत चुनाव में जुटें*
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने कहा कि रामेश्वर डूडी को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आज ही जुट जाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवा नेता देने वाले डूडी को याद करके भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ हुआ तो इसका श्रेय सिर्फ रामेश्वर डूडी को जाता है। जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष रहते हुए विधानसभा में धरना दिया।
*गोविन्द मेघवाल ने कहा, कांग्रेस को मजबूत करें*
इस शोकसभा में पूर्व मंत्री गोविन्द मेघवाल ने कहा कि पंचायत राज के चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत हासिल करके डूडी को श्रद्धांजलि देनी चाहिए। अगर हम हार गए, तो लोग कहेंगे डूडी की टीम कमजोर रह गई। लोकसभा में कांग्रेस बीकानेर में लगातार हार रही है, इस पर भी सोचना चाहिए। उन्होंने मेयर चुनाव में बीकानेर में जीत का श्रेय डॉ. बीडी कल्ला को दिया।
*डॉ. कल्ला ने कहा, किसानों का भला किया*
बीकानेर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए हर पंचायत को कुछ न कुछ सहयोग दिया। आज भी पूर्व सरपंच याद करते हैं कि हमारे गांव को डूडी ने क्या दिया? सांसद रहते हुए भी उन्होंने आठों विधानसभा क्षेत्रों में काम किया। राजस्थान स्टेट एग्रो फाइनेंस की कमान भी संभाली। वो किसान केसरी थे और विधानसभा में उनके प्रयास दर्ज हैं। इस पंचायत चुनाव में डूडी नहीं है लेकिन हमें उनकी जीत का सिलसिला जारी रखना है।
इससे पहले बीकानेर, नागौर सहित प्रदेशभर से कांग्रेस नेता डूडी को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके समाधि स्थल पहुंचे हैं। जहां डूडी की पत्नी और नोखा विधायक सुशीला डूडी ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल भी सभा में शामिल हुए हैं।