जिस घर में बजने वाली थी शहनाई, वहां गूंजी चीखें, करंट ने छीन ली 25 वर्षीय गोविंद की जिंदगी
परसदेपुर, रायबरेली
डीह थाना क्षेत्र की परसदेपुर चौकी अंतर्गत महेश पुर गांव में शनिवार रात करीब 8:30 बजे पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक गोविंद यादव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार महेश पुर निवासी गोविंद यादव पुत्र स्वर्गीय रामअवध यादव अपने घर में फर्राटा पंखा लगाए हुए थे। बताया जा रहा है कि पंखे में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में गोविंद आ गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।गोविंद तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में एक बहन और दो छोटे भाई हैं। बताया गया कि उनके पिता रामअवध यादव का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। पिता के निधन के बाद गोविंद परिवार की जिम्मेदारियों में अहम भूमिका निभा रहे थे।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि गोविंद का करीब दो माह पहले ही बारीक्षा कार्यक्रम हुआ था और परिवार उनकी शादी की तैयारियों की उम्मीद लगाए बैठा था। अचानक हुई मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।