पत्नी करती रही पति का इंतजार, रास्ते में मौत ने छीन लिया सुहाग
परसदेपुर,
रायबरेली
डीह थाना क्षेत्र के चौकी परसदेपुर में हुए दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को झकझोर दिया।
पत्नी से मिलने की खुशी लेकर घर से निकले 20 वर्षीय प्रदीप पटेल को क्या पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। शनिवार रात परसदेपुर के राइस मिल के पास सड़क हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पति के आने का इंतजार कर रही पत्नी विनीता को जब उसकी मौत की खबर मिली तो उसकी दुनिया ही उजड़ गई।प्रतापगढ़ के परानीपुर पटेल नगर निवासी प्रदीप पटेल पुत्र बैजनाथ पटेल करीब दो महीने पहले रोजी-रोटी के लिए पुणे गया था। शनिवार सुबह ही वह घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद पत्नी से मिलने की चाह में वह बाइक up 72 cj 6545 से सलोन क्षेत्र के इमिलिहा स्थित अपनी ससुराल के लिए निकल पड़ा।
बताया गया कि रात करीब आठ बजे नगर पंचायत परसदेपुर स्थित राइस मिल के पास प्रदीप एक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही डिजायर कार की चपेट में उसकी बाइक आ गई। जोरदार टक्कर में प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
जिस पत्नी से मिलने के लिए सुबह घर लौटा था, उसी पत्नी से मिलने का सफर अधूरा रह गया। विनीता पति के आने की राह देखती रही और उधर सड़क पर हुए हादसे ने उसका सुहाग उजाड़ दिया।
सूचना मिलते ही डीह थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज और परसदेपुर चौकी इंचार्ज मोहित भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मां गीता ने बताया कि प्रदीप दो महीने बाद पुणे से घर लौटा था। उन्हें क्या पता था कि बेटे की घर वापसी उसकी जिंदगी की आखिरी वापसी होगी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।प्रदीप की शादी इसी वर्ष फरवरी में विनीता से हुई थी। वह तीन भाइयों में बीच का था। बड़े भाई का नाम जगदीश और छोटे भाई का नाम संदीप है। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।