कोटा में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान का मामला आया सामने, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
आरोप है कि सेंट्रल स्क्वायर मॉल में दो युवकों ने मॉल से बाहर निकलकर ध्वज को लगाई आग
कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में 15 अगस्त की रात राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। शॉपिंग सेंटर स्थित सेंट्रल स्क्वायर मॉल में देर रात करीब ढाई बजे दो युवकों द्वारा तिरंगे में आग लगाने का आरोप है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। फुटेज में दो युवक लिफ्ट से नीचे आते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने पहले लिफ्ट के अंदर लाइटर से कुछ जलाने की कोशिश की। इसके बाद मॉल परिसर से बाहर निकलकर वहां लगे राष्ट्रीय ध्वज को आग लगा दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों ने गुमानपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि शिकायत ले ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि मॉल की ऊपरी मंजिल पर रेस्टोरेंट-बार संचालित होता है और उसी रात वहां से ही युवक नीचे आए थे।
Sangod, Kota | Aug 17, 2026