यमुनोत्री धाम में डीएम प्रशांत आर्य का निरीक्षण, यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
यमुनोत्री/बड़कोट, 13 सितंबर 2026। मानसून काल की समाप्ति के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर जानकीचट्टी से लेकर धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने करीब पांच किलोमीटर लंबे यमुनोत्री पैदल मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। मार्ग पर क्षतिग्रस्त रेलिंग और दीवारों की मरम्मत के लिए लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत को चरी की साफ-सफाई, गर्म पानी की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने यमुनोत्री धाम, जानकीचट्टी, खरसाली और पैदल मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल को यात्रा मार्ग से कूड़ा एवं लीद नियमित रूप से हटाने तथा शौचालयों की मरम्मत, पर्याप्त जलापूर्ति और लगातार सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को चिकित्सकों की तैनाती, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर स्वास्थ्य मित्र कैंपों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगम आवागमन के लिए स्यानाचट्टी, पालीगाड, सिलाईबैंड और औजारी में पर्याप्त मशीनरी और कार्यबल तैनात रखने के निर्देश दिए गए।
यमुनोत्री धाम में जिलाधिकारी ने पेयजल, विद्युत, शौचालय, चेंजिंग रूम और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। मंदिर प्रांगण में मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इसके अलावा पुलिस चौकी यमुनोत्री का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
मेटा डिस्क्रिप्शन:
यमुनोत्री धाम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों का निरीक्षण किया और यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य, सफाई, सुरक्षा, यातायात समेत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
#YamunotriDham #CharDhamYatra #PrashantArya #UttarkashiDM #YamunotriYatra #Barkot #UttarkashiNews #CharDhamNews #YamunotriNews #UttarakhandNews