रबासा के पास मलबा-पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, यात्रियों को जगह-जगह रोक
चीरबासा के पास मलबा-पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, यात्रियों को जगह-जगह रोक
रुद्रप्रयाग।
केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा पर मौसम एक बार फिर भारी पड़ रहा है। लगातार बारिश के बीच चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। लगातार पत्थर गिरने से फिलहाल मार्ग को खोलना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है। वहीं केदारनाथ से वापस लौट रहे यात्रियों को जंगलचट्टी में रोका गया है।
प्रशासन ने यात्रियों से स्पष्ट अपील की है कि मार्ग खुलने और प्रशासन की अनुमति मिलने तक आगे बढ़ने का प्रयास न करें। बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी हिस्सों में पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है, ऐसे में किसी भी तरह की जल्दबाजी यात्रियों के लिए भारी पड़ सकती है।
यात्रियों से कहा गया है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा मार्ग पर आवाजाही दोबारा सुचारु की जाएगी।