युवती के उत्पीड़न और शादी में बाधा डालने का आरोप, पीड़ित परिवार ने एसपी से मांगी सुरक्षा
उरई (जालौन)। जालौन कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह से न्याय की गुहार लगाते हुए गांव के ही एक युवक और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री का कई वर्षों तक कथित रूप से यौन शोषण किया गया और अब शादी तय होने के बाद आरोपी विवाह रुकवाने के लिए धमकियां दे रहा है। मामले में पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
महिला के अनुसार, आरोपी युवक किशोरावस्था से ही उसकी बेटी के संपर्क में था और कथित रूप से उसका शोषण करता रहा। परिवार ने सामाजिक बदनामी के डर से लंबे समय तक किसी से शिकायत नहीं की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पहले भी आरोपी युवती को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर परिवार के सुपुर्द किया था।
महिला ने बताया कि उसकी पुत्री का विवाह 15 जुलाई को होना निर्धारित है। आरोप है कि 9 जुलाई को आरोपी उनके घर पहुंचा और युवती पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने युवती के साथ मारपीट और अभद्रता की। शोर सुनकर पहुंची मां और छोटी बहन के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने शादी होने पर दूल्हे की हत्या करने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। साथ ही आरोपी की मां पर भी गाली-गलौज करने और विवाह नहीं होने देने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा तथा विवाह समारोह के दौरान पर्याप्त पुलिस व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 13, 2026