जालौन में फिर उठी पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग, पूर्व सांसद बोले- 'बुंदेलखंड राज्य दो, वोट लो'
उरई (जालौन)। जिला बार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग एक बार फिर जोर-शोर से उठी। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद विकास, रोजगार, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के मामले में आज भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने अलग बुंदेलखंड राज्य के गठन को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम के दौरान सभागार "बुंदेलखंड राज्य दो, वोट लो" और "बहुत सहा, अब नहीं सहेंगे" जैसे नारों से गूंज उठा। पूर्व सांसद ने कहा कि रोजगार की कमी के कारण क्षेत्र के युवाओं को पलायन करना पड़ रहा है, जबकि खनिज संपदा से सरकार को भारी राजस्व मिलता है।
उन्होंने नमामि गंगे योजना के तहत पेयजल परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई गांवों में नल लगाए गए हैं, लेकिन नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है।
गंगाचरण राजपूत ने कहा कि पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग अब जन आंदोलन बन चुकी है। उन्होंने लोगों से इस मुद्दे को चुनावों में प्रमुखता से उठाने का आह्वान करते हुए कहा, "या तो प्रांत बनेगा या गंगाचरण के प्राण निकलेंगे।"
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया तथा बुंदेलखंड के विकास और पृथक राज्य की मांग के समर्थन में अपने विचार रखे।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 13, 2026