एसडीएम ने डबल रैक खाद गोदाम का किया औचक निरीक्षण ,दो काउंटर खुलने से किसानों को मिली राहत, डीएपी 18-46 की किसानों ने उठाई मांग
रैपुरा- मंगलवार सुबह शाहनगर एसडीएम रामनिवास चौधरी ने रैपुरा स्थित डबल रैक खाद वितरण केंद्र एवं विपणन गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं किसानों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली। एसडीएम ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
किसानों ने बताया कि खाद वितरण के लिए एक ही काउंटर होने के कारण काफी भीड़ जमा हो जाती है। इससे विशेष रूप से महिला किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसानों की समस्या को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर ही दूसरा काउंटर शुरू करवाया। वे स्वयं तब तक मौके पर मौजूद रहे, जब तक दूसरे काउंटर से किसानों को खाद वितरण शुरू नहीं हो गया। दो काउंटर शुरू होने के बाद किसानों को भीड़ से कुछ राहत मिली।
**डीएपी 18-46 की किसानों ने की मांग**
निरीक्षण के दौरान किसानों ने एसडीएम के समक्ष डीएपी 18-46 खाद की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया। किसानों ने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से डबल रैक केंद्र पर डीएपी 18-46 उपलब्ध नहीं है। इसके स्थान पर किसानों को एनपीके खाद लेना पड़ रहा है, जिसकी कीमत करीब 2100 रुपए बताई गई, जबकि डीएपी 18-46 करीब 1350 रुपए में उपलब्ध होती है।
किसानों को वितरण केंद्र की ओर से बताया गया कि आगामी दो से तीन दिनों में डीएपी 18-46 की उपलब्धता होने की संभावना है। किसानों ने मांग की कि डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें महंगी वैकल्पिक खाद खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।
**पेयजल व्यवस्था के निर्देश**
एसडीएम ने खाद लेने आने वाले किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी न होने देने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए।
इस दौरान नायब तहसीलदार आरएन सोनी एवं पटवारी विनय गौतम सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।