शाहाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, अनुपस्थित अधिकारियों से जवाब तलब
हरदोई। तहसील शाहाबाद में शनिवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिला आबकारी अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा आबकारी निरीक्षक शाहाबाद समेत कई अधिकारी अनुपस्थित रहे या विलंब से पहुंचे। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार और निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव हो, उन्हें मौके पर ही निस्तारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करें, ताकि विवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ितों और फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने पर जोर दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, उप जिलाधिकारी शाहाबाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।