विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित हुआ "जलवायु कार्निवल 2026"
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और वेस्ट मटेरियल फैशन शो रहे आकर्षण का केंद्र
==========================================================
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दीनदयाल पार्क में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के तत्वावधान तथा परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी, सुश्री तृप्ति ठाकुर एवं आशीष साहू के मार्गदर्शन में "जलवायु कार्निवल 2026" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की विशेषता रही कि बच्चों एवं महिलाओं ने वेस्ट मटेरियल से तैयार आकर्षक परिधानों और आभूषणों का प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने पेपर, प्लास्टिक, चम्मच एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री से बनी ड्रेस पहनकर कैटवॉक की, वहीं महिलाओं ने कागज के पर्स और पत्तियों से निर्मित ज्वेलरी धारण कर लोगों को पुनः उपयोग (Reuse) और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में समाजसेवी आराधना पवार द्वारा "वन देवी" की विशेष वेशभूषा आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। उपस्थित जनों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों को "जलवायु एम्बेसडर सम्मान पत्र" प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन वार्ड क्रमांक-7 प्रेरणा नगर विकास प्रेस पोर्टल समिति के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अलका शुक्ला, डॉ.मीरा पराड़कर, आयशा लोधी, शैलेंद्र, एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं रितु वोपचे, अमित बरखानिया, कामेश, सुनीता, शीतल, वंदना सहित समाजसेवी कोशिमा, मोहम्मद इस्माइल, तबस्सुम, सरफराज, दिलीप, कलीम, आमीन एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।