मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या निषेध विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित
============================================================
माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आपराधिक अपील संख्या 1424/2025 में दिए गए निर्णय तथा उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर आज एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के दिशा-निर्देशों के तहत युवाओं को अवसाद, तनाव एवं आत्महत्या जैसे गंभीर विचारों से दूर रखने तथा उनमें जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी चंद के मार्गदर्शन एवं शासकीय महाविद्यालय बिछुआ के प्राचार्य डॉ. पी. यादव के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. साक्षी सहारे ने "मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या निषेध" विषय पर व्याख्यान देते हुए छात्र-छात्राओं को तनाव प्रबंधन, अवसाद के लक्षणों की पहचान तथा उनसे उबरने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्वपूर्ण है और तनाव की स्थिति में खुलकर संवाद करना आवश्यक है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. विपिन मोखलगाय, मनीष पटेल एवं डॉ. नीरज खंडागले विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। शासन की इस पहल की विद्यार्थियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा सराहना की गई।