विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम माल्हनवाड़ा में योग, नुक्कड़ नाटक, पौधरोपण संगोष्ठी एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
===========================================================
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, सामाजिक संस्थाएं, आयुष विभाग एवं आदर्श फाउंडेशन छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में गत दिवस ग्राम माल्हनवाड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में योग, ध्यान, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, पौधरोपण, नवग्रह वाटिका निर्माण, बीज वितरण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग गुरु डॉ. पवन नेमा द्वारा योग एवं ध्यान सत्र से हुआ, जिसमें उपस्थित ग्रामवासियों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वस्थ जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण विषय पर डॉ. पवन नेमा के निर्देशन में नुक्कड़ नाटक "जल, जंगल, जमीन" के मंचन के साथ संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसके माध्यम से जल, जंगल, जमीन और जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया गया।
आयोजन का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसे जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण का बेहद मार्मिक एवं प्रभावी संदेश दिया गया। इस सफल नाटक का सह-निर्देशन ऋषभ स्थापक द्वारा किया गया। मंच पर कलाकार के रूप में श्री प्रवीण वान्दे एवं श्री शिवांग भारद्वाज ने अपने जीवंत अभिनय से सभी का मन मोह लिया। नाटक की प्रभावशीलता और कलाकारों के शानदार अभिनय की उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। इस अवसर पर परिसर में पौधरोपण किया गया तथा नवग्रह वाटिका की स्थापना कर औषधीय एवं पर्यावरणीय महत्व के पौधे लगाए गए। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय को विभिन्न प्रजातियों के बीज एवं पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर उपस्थित थीं। अन्य गणमान्य अतिथियों में डॉ. रश्मि नेमा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के योग प्रशिक्षक एवं नेमा क्षारसूत्र संस्थान के निदेशक डॉ. पवन नेमा, डॉ. अंकुश साहू, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि विभाग संयोजक श्री दिगंबर सिंह, जिला पर्यावरण सह-संयोजक श्री अरुण अड़े, सामाजिक संस्था जिला प्रमुख एवं आदर्श फाउंडेशन छिंदवाड़ा के अध्यक्ष डॉ. महेश बंदेवार, सुश्री नीलिमा पुरी गोस्वामी, श्रीमती प्रीति बंदेवार, हमारा संकल्प वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. एन.के. सोमकुंवर, मुस्कान फाउंडेशन की श्रीमती ललिता सरवैया, श्री अरविंद कुशवाह, श्रीमती अलकनंदा दुर्गे, अपूर्वा फाउंडेशन के श्री संजय साहू, डॉ. दीपसिंह मालवी, भगवान परशुराम संस्था के श्री सुनील तिवारी, दिनेश बंदेवार, श्री ऋषभ स्थापक, श्री प्रवीण बंदे, श्री शिवांग भारद्वाज, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पैरामेडिकल स्टाफ, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान "हरित छिंदवाड़ा, स्वच्छ छिंदवाड़ा, स्वस्थ छिंदवाड़ा एवं खुशहाल छिंदवाड़ा" का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।