कुलगुरु डॉ. त्रिपाठी ने तामिया कॉलेज का किया निरीक्षण, परीक्षा व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की
=============================================================
शासकीय महाविद्यालय तामिया में छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी का औचक आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में संचालित विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुलगुरु ने परीक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के उपरांत कुलगुरु ने महाविद्यालय में नियमानुसार एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री विजय सिंह सिरसाम ने कुलगुरु को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों, नियमित कार्यवाही, विद्यार्थियों की समस्याओं एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कुलगुरु ने विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिये आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कुलगुरु डॉ. त्रिपाठी ने महाविद्यालय परिसर में आंवला एवं आम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्टाफ से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सीताराम शर्मा, विभागाध्यक्ष हिंदी, गर्ल्स कॉलेज छिंदवाड़ा भी उपस्थित रहे। साथ ही कुलगुरु ने तामिया में चल रहे शिक्षा मंडल के अभ्यास वर्ग में सहभागिता करते हुए शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में शिक्षण संस्थाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने पर बल दिया। निरीक्षण एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित था।