कोटा में सिलेंडर चोरों का आतंक, 20 सेकंड में उड़ा ले गए भरा हुआ गैस सिलेंडर 🚨
कोटा के थेगड़ा इलाके स्थित आदर्श नगर स्पेशल में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात दो चोर एक घर के बाहर रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर मात्र 20 सेकंड में उठाकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दोनों आरोपियों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित हेमराज मीणा ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर की है। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर में थे। इसी दौरान दो युवक घर के बाहर पहुंचे और मौका पाकर गैस सिलेंडर उठाकर ले गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब दिनदहाड़े घरों के बाहर रखा सामान भी सुरक्षित नहीं है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस को सूचना दे दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
Ladpura, Kota | Jun 12, 2026