जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद महिला की मौत: ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया
फर्रुखाबाद के एक नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला ने ऑपरेशन से जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। नर्सिंग होम से रेफर किए जाने के बाद परिजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हरदोई जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक जोशी ने बताया कि उनकी बहन अंजलि की शादी साल 2024 में फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गनीपुर जोगपुर निवासी अमन के साथ हुई थी। सोमवार सुबह करीब 3 बजे अंजलि को प्रसव पीड़ा शुरू हुई।
इस पर अंजलि के ससुराल वाले उसे शहर के एक नर्सिंग होम ले गए। यहां ऑपरेशन से उसकी डिलीवरी हुई और उसने दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद अंजलि की तबीयत बिगड़ने लगी। बताया गया कि उसका खून बहना बंद नहीं हो रहा था और बच्चेदानी फैल चुकी थी।
नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने दूसरा ऑपरेशन भी किया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शाम करीब 8 बजे नर्सिंग होम संचालक ने एम्बुलेंस मंगाई और परिजनों से अंजलि को ले जाने को कहा। कुछ ही देर बाद अंजलि की मौत हो गई।
अभिषेक ने बताया कि उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार रात करीब 2 बजे भाई अंजलि को लेकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और थाना पुलिस को सूचना दे दी है।