पानी भरे गड्ढे में दो बच्चों की डूबने से मौत: गोताखोरों ने 2 घंटे बाद निकाला शव, दोस्तों के साथ नहाते समय हादसा
फर्रुखाबाद में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पानी भरे गड्ढे में नहाने के दौरान दो बच्चे डूब गए। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई। दोनों अपने दोस्तों के साथ गड्ढे के पास पानी देखने पहुंचे थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए।
दोनों दोस्तों को डूबता देखकर दो बच्चों ने भागकर अपने घर में सूचना दी। परिवार और गांव वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस को बुलाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला कायमगंज कोतवाली इलाके का है।
कटरा रहमत खां गांव निवासी विनोद का 12 साल का बेटा सूरज और राजपाल का 10 साल का बेटा मोनू अपने दो दोस्तों चंदू और नन्हे के साथ पानी भरे गड्ढे के पास गया था। सभी बच्चे पानी में नहाने लगे। इसी दौरान सूरज और मोनू गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ नहा रहे बच्चे गांव पहुंचे और परिवार को घटना की जानकारी दी।
राहगीर ने सूरज को पानी से बाहर निकाला
जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक राहगीर ने पानी में उतरकर सूरज को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई। सीओ अजय वर्मा और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे।
दो घंटे की तलाश के बाद मिला मोनू का शव
मोनू की तलाश के लिए पुलिस-प्रशासन ने शमशाबाद से स्थानीय गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने गड्ढे में उतरकर तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद मोनू का शव गहरे पानी से बरामद हुआ। बताया गया कि गड्डा करीब 10 फीट गहरा था।
सीएचसी में डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित किया
सूरज का शव मिलने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में मोनू को भी सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोनों बच्चों में थी दोस्ती
ग्रामीणों के मुताबिक सूरज और मोनू आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। रविवार को भी दोनों साथ ही पानी भरे गड्ढे के पास गए थे। सूरज भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था और कक्षा 8 में पढ़ता था। मोनू दो भाइयों में छोटा था और कक्षा 5 का छात्र था।
पानी भरे गड्डों की जांच के लिए टीम गठित
एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पानी भरे स्थानों की गहराई का फिलहाल अंदाजा नहीं है। इसकी जांच के लिए टीम गठित की गई है।
सीओ अजय वर्मा ने बताया कि पीआरवी पर सूचना मिली थी कि कटरा रहमत खां गांव से कुछ दूरी पर खेत में पानी भरा है और कुछ बच्चे वहां नहा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।