प्रेमी संग लाखों के जेवर लेकर भागी युवती, पीछा छुड़ाने को युवक ने दोस्तों संग मिलकर मार डाला
कासगंज में बॉयफ्रेंड ने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर 18 साल की गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। पहले उसी के दुपट्टे से गला घोंटा, फिर चाकू से गला काट दिया। गर्लफ्रेंड अपने बॉयफ्रेंड पर भगा ले जाने का दबाव बना रही थी। कहती थी-अगर मेरी बात नहीं मानी, तो झूठे केस में फंसा दूंगी। तुम्हें जेल भिजवा दूंगी।
बॉयफ्रेंड डर गया था। वह गर्लफ्रेंड से पीछा छुड़ाना चाहता था। उसे कुछ रुपए की भी जरूरत थी। उसने बहाने से जेवर-कैश के साथ गर्लफ्रेंड को मिलने बुलाया। फिर लड़की की हत्या करके कैश और जेवर लेकर भाग गया।
गुरुवार दोपहर पुलिस ने युवती के बॉयफ्रेंड समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास युवती के 1 लाख 35 हजार रुपए, जेवर और मोबाइल बरामद किया गया है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 5 टीमें लगाई गई थीं। मौके पर मिला बॉयफ्रेंड का हेडफोन अहम सुराग साबित हुआ, जिससे पुलिस उस तक पहुंच पाई। मामला शहर कोतवाली इलाके का है।
पहले एक नजर पूरे मामले पर...
जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर गांव अशोक नगर है। यहां रहने वाली वाली नेहा का अपने घर से 500 मीटर गला कटा शव मिला था। परिवार के मुताबिक, नेहा अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से करीब 3 लाख रुपए और जेवर लेकर भाग गई थी। निशा की अक्टूबर में शादी होनी थी। उसी के लिए जेवर और कैश घर में रखा था।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। घरवालों को बुधवार को ट्यूबवेल की छत पर लाश मिलने की सूचना मिली। नेहा 6 भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
भाई शाहरुख ने बताया था- मंगलवार रात परिवार के लोग खाना खाकर सो गए थे। इसके बाद नेहा घर से निकल गई। बुधवार तड़के 3 बजे देखा, तो वह घर पर नहीं थी। तलाश करने पर उसकी बॉडी मिली थी.
अब पढ़िए बॉयफ्रेंड ने पुलिस को जो कुछ बताया...
एसपी ओपी सिंह के मुताबिक, पूछताछ में बॉयफ्रेंड समीर ने बताया कि नेहा की करीब 3-4 साल से अरशद से दोस्ती थी। समीर ने भी दो-तीन महीने पहले नेहा से दोस्ती कर ली थी। समीर को कुछ रुपए की जरूरत थी। कुछ दिन पहले नेहा ने उसे 8 हजार रुपए दिए थे।
इसके बाद नेहा ने बताया कि उसकी मां के पास कमेटी के कुछ रुपए और जेवर रखे हैं। उसने समीर से कहा था कि अगर वह उसे अपने साथ ले जाए, तो रुपए और जेवर लाकर उसे दे देगी। नेहा ने साथ नहीं ले जाने पर मुकदमे में फंसाने की बात भी कही थी।
3 दोस्तों को साथ लेकर बनाया हत्या का प्लान
रुपए और जेवर हड़पने के साथ ही नेहा से पीछा छुड़ाने के लिए समीर ने अरशद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर योजना बनाई। चारों ने तय किया कि नेहा जो सामान लेकर आएगी, उसे आपस में बांट लेंगे। इसके बाद नेहा 1 लाख 35 हजार 100 रुपए और सोने-चांदी के जेवर लेकर उनके पास पहुंचीl
खेत की कोठरी के पास ले जाकर मार डाला
चारों आरोपी नेहा को पास के फतेह सिंह के खेत में बने ट्यूबवेल की चारदीवारी के अंदर कोठरी के पास ले गए। वहां दुपट्टे से उसका गला दबाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया।
कपड़े और चप्पल जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने नेहा के कपड़े और हवाई चप्पल उतार लिए। शव को ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर दीवार के किनारे रख दिया गया। नेहा का बैग, मोबाइल से निकाली गई सिम, कपड़े और चप्पल फतेह सिंह के खेत के पास पुरानी रेलवे लाइन की झाड़ियों में ले जाकर जला दिए गए।
वो लोग बॉडी भी जलाना चाह रहे थे, लेकिन एक गाड़ी की रोशनी देखकर वह घबरा गए और शव छोड़कर भाग गए। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से 2 दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी की थी। ट्यूबवेल की दीवार में बने झरोखों को ईंटों से बंद किया गया था, जिससे अंदर किसी की नजर न पड़े।
हेडफोन बना अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक आरोपी का गिरा हुआ हेडफोन मिला था। यह पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ और जांच आगे बढ़ी। पुलिस के अनुसार, नेहा से रेप की पुष्टि नहीं हुई है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।