जहानाबाद में तीन घाटों पर भव्य आयोजन के साथ मना भास्कर महोत्सव, लोकगीत-नृत्य और गंगा आरती ने मन मोहा...!
जहानाबाद। जिले में गुरुवार को कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भास्कर महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। यमुना-दरधा संगम घाट, काको स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट और मखदुमपुर के श्री कृष्णवंशी छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रमों में लोक संस्कृति, छठ गीत, लोकनृत्य, लेजर शो और भव्य गंगा आरती मुख्य आकर्षण रहे।
संगम घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन कला एवं संस्कृति मंत्री ने जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य भगवान भास्कर की आराधना, छठ महापर्व की महिमा और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को छठ की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द और श्रद्धा के साथ पर्व मनाने की अपील की।
कार्यक्रम में राज्य संपोषित बालिका विद्यालय की छात्राओं ने छठ के पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए, जबकि मंथन कला परिषद के कलाकारों ने समूह लोकनृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद छठ महापर्व की उत्पत्ति, धार्मिक मान्यताओं और रामायण काल से जुड़े प्रसंगों पर आधारित आकर्षक लेजर शो दिखाया गया। अंत में संगम घाट पर दीपों की जगमगाहट और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा आरती हुई।
काको में डीडीसी आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में विधायक ऋतुराज कुमार तथा मखदुमपुर में अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में विधायक सुबेदार दास की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुए। दोनों घाटों पर लोकगीत और गंगा आरती की प्रस्तुति हुई। मुख्य कार्यक्रम में विधायक राहुल कुमार, एसपी कोटा किरण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#Jehanabad #JehanabadNews #Makhdumpur #gangaaarti #bhaskarmahotsav #puchoindia #viralpost #chhathghat