उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कोलका क्षेत्र के स्कूलों का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर जानी शैक्षणिक प्रगति, शिक्षकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 1 सितंबर
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मंगलवार को कोलका क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक पाठशाला पुंदला तथा राजकीय केंद्रीय एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विद्यार्थियों की प्रगति और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय के सदुपयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं एवं कक्षा कार्य की जांच की और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, नियमित अभ्यास करवाने तथा विद्यालय में स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने अभिभावकों से भी संवाद कर बच्चों की शिक्षा में नियमित रुचि लेने और विद्यालय के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मैहला बशीर खान, ओएसडी उमाकांत सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं मुख्य अध्यापक उपस्थित रहे।
#चंबा #उपायुक्तमुकेशरेपस्वाल #कोलका #स्कूलनिरीक्षण #शिक्षाविभाग #शिक्षा #विद्यार्थी #गुणवत्तापूर्णशिक्षा #चंबासमाचार #हिमाचलप्रदेश #HimachalPradesh #ChambaNews #PangiLiveNews
Chamba, Chamba | Sep 1, 2026