*दिल्ली में सक्रिय साइबर ठगों की पंचकूला-कालका में वारदात करने की योजना नाकाम।*
*पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी, 70 एटीएम कार्ड, पीओएस मशीन और 2 मोबाइल फोन बरामद*
*एटीएम के बाहर घूमकर कम-पढ़े लिखें लोगों व बुजुर्गों को पैसे निकलवाने की मदद के बहाने देते थे साइबर ठगी को अंजाम*
*दोनों आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर*
पंचकूला/कमल कलसी
पंचकूला पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो एटीएम से पैसे निकालने वाले बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से रकम निकालता था। साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 70 एटीएम कार्ड और एक पीओएस मशीन व 2 मोबाइल फोन बरामद किए है।
आरोपियों की पहचान मनोज कुमार निवासी जिला हिसार तथा अनिल निवासी जिला भिवानी के रूप में हुई है। 14 अक्टूबर को साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 की टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक सेक्टर-20 की मार्केट में अलग-अलग बैंकों के एटीएम के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं। उनके पास बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और एक पीओएस मशीन भी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी युद्धवीर सिंह की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को काबू कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपी मनोज कुमार के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 43 एटीएम कार्ड बरामद हुए, जबकि आरोपी अनिल के पास से 27 एटीएम कार्ड मिले। इसके अलावा अनिल से एक पीओएस मशीन बरामद की गई। पुलिस ने सभी कार्डों और मशीन को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला में 14 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एटीएम से पैसे निकालने आने वाले बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाते थे। वे धोखे से उनका एटीएम पिन जान लेते और फिर उनके कार्ड के स्थान पर मिलता-जुलता दूसरा कार्ड थमा देते थे। इसके बाद आरोपियों द्वारा संबंधित कार्डों का इस्तेमाल कर अलग-अलग एटीएम से पैसे निकालने की बात सामने आई है। इसके अलावा, एटीएम मशीन में छूट गए कार्डों को उठाकर पीओएस मशीन के माध्यम से रकम निकालने का तरीका अपनाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से गिरोह के दो सदस्यों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय अपना पिन किसी के साथ साझा न करें, अनजान व्यक्ति को कार्ड न सौंपें और कार्ड बदलने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि से सावधान रहें।
उन्होंने कहा आरोपियों से पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, पीओएस मशीन की व्यवस्था करने वाले व्यक्तियों, कथित कमीशन की रकम और वारदातों में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही हरियाणा और दिल्ली में उन एटीएम की पहचान भी की जाएगी, जहां से कार्ड उठाने या रकम निकालने की वारदातें की गईं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
Panchkula, Panchkula | Oct 15, 2026