सर्कल कबड्डी महाकुंभ के पोस्टर एवं ट्रॉफी का सफलतापूर्वक अनावरण, 29 नवंबर को बरवाला में होगा आयोजन
हरियाणा के मुख्य सचेतक राम कुमार कश्यप ने किया पोस्टर एवं ट्रॉफी का अनावरण
विजेता टीम को 2 लाख, उपविजेता को 1 लाख तथा बेस्ट रेडर और कैचर को मिलेंगे 21-21 हजार रुपये
पंचकूला। स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (रजि.), पंचकूला एवं अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से आगामी 29 नवंबर, रविवार को पंचकूला के बरवाला में आयोजित होने वाले सर्कल कबड्डी महाकुंभ-2026 के पोस्टर एवं ट्रॉफी का आज PWD रेस्ट हाउस, सेक्टर-1, पंचकूला में सफलतापूर्वक अनावरण किया गया। हरियाणा विधानसभा के माननीय मुख्य सचेतक श्री राम कुमार कश्यप ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता की अध्यक्षता में पोस्टर एवं ट्रॉफी का अनावरण किया।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए श्री ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि सर्कल कबड्डी महाकुंभ को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे, जबकि हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण पंवार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बेस्ट रेडर एवं बेस्ट कैचर को 21-21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में 32 से अधिक टीमों के भाग लेने की उम्मीद है, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक होंगे।
श्री गुप्ता ने कहा कि कबड्डी हरियाणा की पारंपरिक खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनमें अनुशासन, टीम भावना एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी का प्रयास है कि ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।
इस अवसर पर फार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन श्री बी.बी. सिंघल, स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के महासचिव श्री एन.डी. शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री वरिंदर मेहता, वार्ड नंबर-6 के पार्षद एवं सोसाइटी के सचिव श्री पार्थ गुप्ता, श्री डी.पी. सिंघल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जारीकर्ता:
कार्यालय
पूर्व अध्यक्ष, हरियाणा विधानसभा