रील बनाने का जुनून... और एक गलत छलांग ने जिंदगी बदल दी। झांसी में सोशल मीडिया के लिए स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। करीब 30 फीट ऊंचे बांध से छलांग लगाते ही युवक गहरे पानी के बजाय चट्टानों पर जा गिरा... और उसके दोनों पैर टूट गए।
मामला उत्तर प्रदेश के झांसी के पाहुज बांध का है, जहां रविवार को 38 वर्षीय पुष्पेंद्र अपने दोस्तों के साथ सोशल मीडिया के लिए रील बनाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रील में रोमांचक स्टंट दिखाने के लिए पुष्पेंद्र बांध के व्यूइंग पॉइंट की रेलिंग पर चढ़ गए।
इसके बाद उन्होंने करीब 30 फीट की ऊंचाई से बांध में छलांग लगा दी। पुष्पेंद्र को अंदाजा था कि नीचे गहरा पानी है, लेकिन पानी का स्तर कम था। जैसे ही उन्होंने छलांग लगाई, वह पानी में गिरने के बजाय नीचे मौजूद चट्टानों पर जा गिरे।
चट्टानों से टकराते ही उनके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। चोट इतनी गंभीर थी कि वह खुद पानी से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। पैर काम नहीं कर रहे थे और उनके सामने डूबने का खतरा भी मंडरा रहा था।
ऐसे में पुष्पेंद्र ने केवल अपने हाथों का सहारा लिया और किसी तरह पानी में तैरते हुए सुरक्षित जगह तक पहुंचने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने जब उनकी हालत देखी तो तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायल पुष्पेंद्र को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों पैरों में फ्रैक्चर की पुष्टि की।
बताया जा रहा है कि एक पैर में डॉक्टरों ने धातु की छड़ डालकर सर्जरी की है, जबकि दूसरे पैर की सर्जरी अभी बाकी है।
इस पूरे हादसे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुष्पेंद्र के छलांग लगाने से पहले के पल दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि जिस वक्त पुष्पेंद्र खतरनाक स्टंट करने जा रहे थे, उनके दोस्त वीडियो बना रहे थे। वीडियो में छलांग से ठीक पहले एक दोस्त मजाक में कहता सुनाई देता है— "भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।"
लेकिन अगले ही पल जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। एक छोटी सी सोशल मीडिया रील के लिए किया गया स्टंट जिंदगी भर का दर्द दे गया।
यह हादसा एक बार फिर सोशल मीडिया पर वीडियो और रील के लिए खतरनाक स्टंट करने के बढ़ते चलन पर सवाल खड़े करता है। कुछ सेकंड की लाइक्स और व्यूज की चाहत में लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं।
झांसी की ये घटना भी यही संदेश देती है कि सोशल मीडिया के लिए किया गया कोई भी स्टंट जिंदगी से बड़ा नहीं हो सकता।
#झांसी #झांसीन्यूज #स्टंट #स्टंटबाजी #रील #वायरलरील #रीलबाजी #खतरनाक #खतरनाकस्टंट #बालबालबचा #सुसाइड #दर्दनाकहादसा
#पाहुजबांध #सोशलमीडिया #सोशलमीडियावायरल
Hardwar, Haridwar | Sep 10, 2026