हरिद्वार का वो बाजार… जहां हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं।
और इसी बाजार में विकास की सड़क ऐसी धंसी कि उसे देखकर विकास के दावों की भी जमीन खिसकती नजर आई।
अपर रोड पर नगर कोतवाली के पास एक स्कूल बस सड़क से गुजर रही थी… तभी अचानक सड़क का हिस्सा धंस गया और बस नीचे जा धंसी।
सोचिए… इसी बस में स्कूली बच्चे होते हैं।
वो बच्चे, जिन्हें देश का भविष्य कहा जाता है।
लेकिन जिस सड़क पर देश का भविष्य चल रहा है, उसकी हालत देखकर लगता है कि जिम्मेदार विभागों ने भविष्य की चिंता फिलहाल फाइलों के हवाले कर रखी है।
सबसे खास बात ये है कि जिस जगह सड़क धंसी, वहां हाल ही में सड़क की मरम्मत का काम हुआ था।
यानी सड़क बनी… मरम्मत हुई… और फिर सड़क ही जमीन में बैठ गई।
घटना के बाद पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया।
यात्री बाहुल्य इस इलाके में सड़क धंसने की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी नाराजगी है।
और अब एक बार फिर वही सरकारी प्रक्रिया शुरू हो गई है
सड़क धंसी… टीम पहुंची… मरम्मत शुरू हुई… और जिम्मेदारी तय करने के लिए रिपोर्ट मांगी गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी साफ कहा है कि मामले में अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है और अगर किसी विभाग की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सड़क का धंसना सिर्फ सड़क का धंसना नहीं है…
ये उस व्यवस्था की तस्वीर है जहां काम पूरा होने के बाद भी काम की मजबूती की गारंटी जमीन पर नहीं, कागजों में दिखाई देती है।
आज सड़क धंसी है…
अच्छा हुआ बस में बच्चे नहीं थे। क्योंकि अगर हादसा बड़ा हो जाता, तो शायद यही विभाग मरम्मत के साथ-साथ अपनी सफाई की भी मरम्मत करने में जुट जाते।
फिलहाल सड़क की मरम्मत फिर शुरू हो गई है। अब देखना सिर्फ इतना है कि सड़क दोबारा कितने दिन टिकती है…
और जिम्मेदारी तय करने वाली सरकारी फाइल कितने दिन चलती है।
#हरिद्वार #haridwar #हरिद्वारन्यूज #haridwarnews #dmharidwar