नाली के बीच पेयजल पाइपलाइन, दूषित पानी की आशंका से हजारों परिवार चिंतित
डिंडौरी के वार्ड 4, 7, 8 और 9 का मामला; पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद रहवासियों ने उठाए सवाल, पानी की गुणवत्ता जांच और पाइपलाइन शिफ्ट करने की मांग
डिंडौरी जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 4, 7, 8 और 9 में पेयजल व्यवस्था को लेकर रहवासियों की चिंता बढ़ गई है। यहां फिल्टर प्लांट से सप्लाई होने वाली पेयजल पाइपलाइन नाली के बीच से गुजरने की बात सामने आई है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगों ने नाली के दूषित पानी के पेयजल लाइन में पहुंचने की आशंका जताई है।
रहवासियों के मुताबिक, नाली की सफाई के दौरान जेसीबी से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके बाद नगर परिषद द्वारा दो बार मरम्मत कराए जाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई है। कुछ रहवासियों ने पानी में दुर्गंध महसूस होने की शिकायत भी बताई है।
लोगों का कहना है कि पेयजल से जुड़ा मामला सीधे स्वास्थ्य से संबंधित है। ऐसे में पाइपलाइन की तकनीकी स्थिति की जांच के साथ पानी के नमूनों की गुणवत्ता जांच कराना जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सप्लाई किया जा रहा पानी सुरक्षित है या नहीं।
रहवासियों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए पेयजल पाइपलाइन की तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यकता होने पर पाइपलाइन को नाली से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
मामले में मुख्य नगर परिषद अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में पाइपलाइन की स्थिति और नगर परिषद की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पक्ष फिलहाल सामने नहीं आ सका है।
#DindoriNews #DrinkingWater #WaterSupply #Dindori #MadhyaPradeshNews #HALCHAL24NEWS