भूमि विवाद को लेकर आदिवासी महिला के समर्थन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सीमांकन और बेदखली नोटिस पर उठाए सवाल; भू-अधिकार पत्र, डिजिटल रिकॉर्ड और तहसील कार्यालय के कार्यों की जांच की मांग
मंडला जिले के घुघरी में भूमि विवाद और सीमांकन को लेकर शिकायत करने वाली आदिवासी महिला मुन्नी बाई धुर्वे के समर्थन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार घुघरी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि स्पष्ट सीमांकन किए बिना उसे बेदखली के नोटिस दिए जा रहे हैं। इसके अलावा उसके कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने की घटनाओं का भी उसने आरोप लगाया है। पार्टी ने इन आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है।
ज्ञापन में शासकीय आवास से संबंधित भू-अधिकार पत्रों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की मांग भी की गई है। इसके साथ ही तहसील कार्यालय में किसी निजी व्यक्ति से कराए जा रहे कथित शासकीय कार्यों की भी जांच कराने की मांग पार्टी ने उठाई है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। अब मामले में प्रशासन की जांच और कार्रवाई का इंतजार है ।
#Mandla #Ghughri #AdivasiMahila #GondwanaGanatantraParty #BreakingNews Part 12