आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला पदाधिकारी ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का दिया निर्देश।
आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज दिनांक 13.11.2026 को जिला पदाधिकारी, शेखपुरा श्री शेखर आनंद द्वारा जिले के रातोईया छठ घाट, अरघौती छठ घाट, हसनगंज छठ घाट आदि विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की सफाई कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हेतु लाइटिंग की व्यवस्था ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, बिजली की निर्बाध व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सभी छठ घाटों पर पर्याप्त एवं मजबूत बैरिकेडिंग कराने, खतरनाक एवं गहरे जल वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा घाटों पर भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सभी छठ घाटों पर मेडिकल टीम की तैनाती, अनाउंसमेंट टीम की व्यवस्था एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा रेलवे पदाधिकारियों को स्टेशन पर छठ व्रतियों के आवागमन को देखते हुए स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए छठ पूजा से संबंधित सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता श्री लखीन्द्र पासवान , अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री ललन भारती, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी शेखपुरा,नगर कार्यपालक पदाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Sheikhpura, Sheikhpura | Nov 13, 2026