शेखपुरा डीएम शेखर आनंद ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया सख्त निर्देश - घाटों पर कोई अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी शेखर आनंद ने अनुमंडल पाधिकारी प्रियंका कुमारी के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि छठ घाटों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी घाटों पर समय रहते सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।डीएम ने निर्देश दिया कि घाटों तक जाने वाली सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाए। गड्ढों को तुरंत भरा जाए, घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो, साफ-सफाई लगातार बनी रहे और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। महिला व्रतियों की सुविधा को लेकर भी डीएम ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर महिलाओं के लिए अलग से चेंजिंग रूम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि छठ महापर्व आस्था का सबसे बड़ा पर्व है। इसमें लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि हर घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था हो।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। यातायात प्रबंधन के लिए भी अलग से योजना बनाने और घाटों पर पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया।इस मौके पर डीडीसी, एसडीएम, एसडीपीओ सहित नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीएम को आश्वासन दिया कि तय समय सीमा के अंदर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।