चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावों में ऑफलाइन विकल्प देने की मांग-पेंशनर्स एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट में किया एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन चित्रकूट जनपद के सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने आज सोमवार की सुबह 10 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों का निस्तारण पूर्व की भांति ऑफलाइन कराने की मांग की है संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने कहा कि प्रदेश के सेवारत और सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के निस्तारण की प्रक्रिया को सरल बनाने के बजाय और जटिल कर दिया गया है। पेंशनरों को ऑनलाइन प्रक्रिया में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश पेंशनर कंप्यूटर चलाने में दक्ष नहीं हैं और न ही पोर्टल की व्यवस्था पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने बताया कि कार्यरत कर्मचारियों के ईएचआरएमएस कोड उपलब्ध हैं, लेकिन पेंशनरों के कोड पोर्टल पर दर्ज नहीं हैं। वर्ष 2016 से ऑनलाइन पीपीओ जारी करने की व्यवस्था शुरू हुई थी। इससे पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों का डाटा ऑनलाइन उपलब्ध नहीं था। ऐसे में पेंशनरों की सुविधा को देखते हुए चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावों के निस्तारण के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएं। इस दौरान रहे संयोजक प्रताप नारायण, राजकुमार वर्मा, छोटेलाल, राम अभिलाष तिवारी, प्रद्युम्न सिंह, रामबहादुर, हीरालाल जैन, चंद्रभान, प्रेमलाल, भइयालाल और रामकुमार समेत कई पेंशनर मौजूद रहे।